
महिला ने आप के कई नेताओं पर नगर निगम चुनाव के टिकट बेचने का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली : तिलक नगर में आम आदमी पार्टी के रोड शो के दौरान महिला कार्यकर्ता सिमरनजीत कौर बेदी ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह को थप्पड़ मार दिया। संजय सिंह ने फिलहाल मामले पर चुप्पी साध ली है।
महिला ने आप के कई नेताओं पर नगर निगम चुनाव के टिकट बेचने का आरोप लगाया है। महिला ने संजय सिंह के खिलाफ तिलक नगर थाने में अभद्रता और धमकी देने की शिकायत की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर 12 बजे तिलक नगर थाने की पुलिस को आप के विधायक जरनैल सिंह ने फोन कर बताया कि चौखंडी चौक गुरुद्वारा के पास एक महिला ने आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह को थप्पड़ मार दिया है। हालांकि इस बाबत संजय सिंह की ओर से अभी तक पुलिस को किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है।
अपमान हुआ इसलिए मारा थप्पड़
सिमरनजीत कौर बेदी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह आम आदमी पार्टी की वार्ड-6एस की अध्यक्ष हैं। वह और उसके पति दोनों पार्टी के लिए कार्य करते हैं। वार्ड 6एस से पार्टी के टिकट के लिए उसने आवेदन फार्म भरा, लेकिन टिकट किसी और को दे दिया गया।
आरोप है कि इसके बाद पार्टी के एक पदाधिकारी ने उससे कहा कि ले देकर उसे अन्य वार्ड से टिकट मिल सकता है। सिमरन के अनुसार जिस नेता से उसकी बात हुई उसकी रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। वह यह रिकॉर्डिंग मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंचाना चाहती थी, लेकिन उसे समय नहीं दिया गया। संजय सिंह सहित अन्य नेताओं से भी उसने मिलने का समय मांगा, लेकिन किसी ने भी समय नहीं दिया। वह रोड शो के दौरान ही संजय सिंह से मिलने पहुंची।
संजय के स्वागत के लिए फूलमाला भी ले रखी थी। उसे मिलने नहीं दिया गया। महिला का आरोप है कि वह संजय सिंह के पास पहुंची तो बदतमीजी की गई। गुस्से में आकर उसने संजय सिंह को थप्पड़ मारा। सिमरन ने आरोप लगाया है कि इसके बाद संजय सिंह ने भी उसे देख लेने की धमकी दी। संजय सिंह से जब उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
उधर, आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश के संयोजक दिलीप पांडे ने कहा कि राजौरी गार्डन विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को मिल रही लोकप्रियता को लेकर विरोधी दलों में खलबली मची हुई है। उसी का यह नतीजा है कि रोड शो के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह के साथ ऐसा व्यवहार किया गया।