कोलकाता : खुद को तृणमूल (एआईटीसी) के सोशल मीडिया का मेंबर बता कर अधिकारियों पर धौंस जमाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त का नाम सुबीर बनर्जी (40) है। वह हुगली के चुंचुंड़ा का रहने वाला है। घटना के संबंध में तृणमूल के सांसद डेरेक ओब्रायन ने गत 21 अप्रैल को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि कई लोगों ने शिकायत की है कि एक व्यक्ति खुद को एआईटीसी सोशल मीडिया ग्रुप का मेंबर बता कर लगाता धौंस जमा रहा है और खुद का काम करने पर मजबूर कर रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर कोलकाता पुलिस की साइबर सेल विभाग ने अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया। अभियुक्त लोगों से दावा करता था कि वह उनकी समस्या को सुलझा देगा। जब लोग उसके पास अपनी समस्या लेकर आते थे तब अभियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों पर धौंस जमाकर समस्या का समाधान करने पर दबाव डालता था। वहीं उसकी बात न मानने पर वह उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देता था।