कोरोना संक्रमण… देश में 42 लाख के पार आंकड़ा

corona04.jpg

24 घंटे में रिकॉर्ड 91 हजार से ज्यादा पॉजिटिव आए सामने

नई दिल्ली : कोरोना संक्रमण बेलगाम हो चुका है। देश ही नहीं दुनिया में इसे काबू करने की हर कोशिश बेकार जा रही है। पिछले 24 घंटे में देश में रिकॉर्ड 91 हजार 723 नए पॉजिटिव सामने आए हैं। इसी के साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 42 लाख 2 हजार 562 पर पहुंच गया है। 5 अगस्त को 90 हजार 600 नए मरीज मिले थे।

32 लाख से ज्यादा ठीक हुए : सरकार ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा दिखाकर भले ही अपनी पीठ थपथपा रही हो, पर हकीकत भयावह है। दरअसल, सिर्फ गंभीर लक्षण वाले मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा है। साथ ही, बिना निगेटिव रिपोर्ट के ही धड़ल्ले से मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा रहे हैं। इसलिए स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। देश में ठीक हो चुके लोगों की संख्या 32 लाख के पार हो गई है। अब तक 32 लाख 46 हजार 485 लोग ठीक हो चुके हैं। रविवार को 68 हजार 812 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। 8 लाख 81 हजार 691 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 71 हजार 687 मरीजों की मौत हो चुकी है।

बिहार : राज्य में रविवार को संक्रमण के 1,797 नए मरीजों की पहचान हुई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 47 हजार 658 हो गयी। इनमें 1 लाख 30 हजार 300 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,603 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 754 मरीजों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश : रविवार को राज्य में 6 हजार 777 नए संक्रमित मिले। यह एक दिन में मिले अबतक की सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या है। इससे पहले कल यानी शनिवार को सबसे अधिक 6 हजार 692 केस दर्ज हुए थे। राज्य में अब तक 2 लाख 66 हजार 283 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि राज्य में ठीक हो चुके लोगों की संख्या भी दो लाख से अधिक हो गई। अब तक 2 लाख 738 लोग ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 61 हजार 625 लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से आधे से अधिक यानी 32 हजार 94 लोग होम आइसोलेशन में हैं। संक्रमण के चलते राज्य में अब तक 3,920 लोगों की जान जा चुकी है।

मध्यप्रदेश : रविवार को राज्य में संक्रमण के एक दिन में सबसे ज्यादा 1,694 नए मामले सामने आए। अभी तक कुल 73 हजार 574 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 29 मरीजों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या अब 1,572 हो गयी है। अब तक 55 हजार 887 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 16 हजार 115 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस बीच, भोपाल में कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री 68 वर्षीय सुरेश पचौरी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने ट्वीट करते हुए कहा कि उनमें कोरोना जैसे लक्षण हैं।

राजस्थान : रविवार को राज्य में कोरोना के 1,593 नए मामले सामने आए। जिसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार 956 पहुंच गया। वहीं, 15 लोगों की मौत हो गई। इनमें जोधपुर और बीकानेर में 3-3, झालावाड़ और जयपुर में 2-2, चित्तौड़गढ़, कोटा, अजमेर, अलवर और दौसा 1-1 की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा 1,137 हो गया है। राज्य में अब तक 24.71 लाख से ज्यादा सैंपल जांचे जा चुके हैं। अब तक 74 हजार 861 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी 14 हजार 958 एक्टिव केस बचे।

महाराष्ट्र : रविवार को महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 23 हजार 350 नए मामले बढ़े। एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे ज्यादा है। मरीजों की संख्या भी बढ़कर अब 9 लाख से अधिक हो गई है। अब तक 9 लाख 7 हजार 212 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6 लाख 44 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 35 हजार 857 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण ने अब तक 26 हजार 604 लोगों की जान ले ली। इसके पहले शनिवार को 20 हजार 489 नए मरीज मिले थे।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top