West Bengal BJP पूर्व वर्द्धवान में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई वहीं उत्तर 24 परगना में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई।
कोलकाता। बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ जहां पूर्व वर्द्धवान जिले के कालना में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी तरफ रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के नोआपाड़ा में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घटनाओं में आरोप सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। कालना में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता का नाम रॉबिन पॉल है। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि उनके घर के सामने मनरेगा के तहत काम हो रहा था। मनरेगा कर्मचारी घर के सामने मौजूद पेड़ काटने लगे तो रॉबिन ने इस पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और कुछ ही देर में यह हिंसक हो गई।