बंगाल में अराजकता की हद… भाजपाई को पीट-पीटकर मार डाला

murder.jpg

West Bengal BJP पूर्व वर्द्धवान में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई वहीं उत्तर 24 परगना में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई।

कोलकाता। बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ जहां पूर्व वर्द्धवान जिले के कालना में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी तरफ रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के नोआपाड़ा में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घटनाओं में आरोप सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। कालना में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता का नाम रॉबिन पॉल है। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि उनके घर के सामने मनरेगा के तहत काम हो रहा था। मनरेगा कर्मचारी घर के सामने मौजूद पेड़ काटने लगे तो रॉबिन ने इस पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और कुछ ही देर में यह हिंसक हो गई।

इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के लगभग 50 से अधिक कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और उन्होंने रॉबिन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक जैसे ही परिवार वालों को इसकी जानकारी मिली वह परेशान होकर घटनास्थल पर पहुंचे। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि जब रॉबिन को उसकी बेटी ने पानी देने का प्रयास किया तो तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने उसे रोक दिया। उन्होंने रॉबिन की बेटी को मौके पर धमकाया कि अगर वह अपने पिता की मदद करती है तो उसका भी यही हाल कर दिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रॉबिन को कालना स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू हो चुकी है। मरने से पहले रॉबिन ने भी बयान दिया है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उसे बेरहमी से पीटा है। भाजपा का आरोप है कि इस घटना को तृणमूल के सक्रिय नेता बादल पात्र ने अंजाम दिया है। वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस के कालना के अध्यक्ष ने कहा है कि रॉबिन ने हथियार लेकर तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया था,  जिसमें बादल गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से तृणमूल का कोई लेना देना नहीं है। वहीं, दूसरी ओर रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के नोआपाड़ा में एक भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा कार्यकर्ता का नाम आशुतोष है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top